छत्तीसगढ़ में 6 साल बाद यूथ कांग्रेस का चुनाव:प्रदेश अध्यक्ष समेत 5 पांच पदों के लिए मुकाबला; 12 मई से ऑनलाइन सदस्यता और वोटिंग


छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव 2023 के मिशन को लेकर कांग्रेस में तैयारी चल रही हैं। यही वजह है कि छह साल बाद फिर से युवाओं को जोड़ने के लिए यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, महासचिव सहित अन्य पदों के लिए चुनाव का ऐलान किया गया है। इसके लिए प्रत्याशी भी तय कर दिए गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष के लिए 22, प्रदेश महासचिव के लिए 184 और शहर अध्यक्ष के लिए 41 दावेदार होंगे, जो चुनाव लड़ेंगे।

इसके अलावा जिला अध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्ष पद का चुनाव ओपन होगा। चुनाव के लिए वोटिंग ऑनलाइन होंगी। लिहाजा, मेंबरशिप नवीनीकरण और नए मेंबर ऑनलाइन बनाए जाएंगे और साथ-साथ वोटिंग भी करेंगे। मेंबरशिप और चुनाव 12 मई से 12 जून तक चलेगा।

चुनाव की तैयारी को लेकर शुरू हुई बैठकों का दौर - Dainik Bhaskar

चुनाव की तैयारी को लेकर शुरू हुई बैठकों का दौर

यूथ कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने बताया कि पहली बार चुनाव ऑनलाइन होगा। यूथ कांग्रेस के चुनाव पांच पदों के लिए होंगे। इसमें प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, जिला अध्यक्ष, शहर अध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्ष शामिल रहेंगे। गंगोत्री ने बताया कि प्रत्याशियों की घोषणा भी कर दी गई। इसके तहत प्रदेश अध्यक्ष के लिए 22, प्रदेश महासचिव के लिए 184, शहर अध्यक्ष के लिए 41 उम्मीदवार चुनाव मैदान में होंगे। इसी तरह जिलाअध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए ओपन चुनाव होगा। यानी कि जितने दावेदार हैं, उतने लोग चुनाव लड़ सकेंगे।

रायपुर से NSUI प्रदेश अध्यक्ष होंगे यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के प्रत्याशी। - Dainik Bhaskar

रायपुर से NSUI प्रदेश अध्यक्ष होंगे यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के प्रत्याशी।

बिलासपुर से पहली बार दो दावेदार
इससे पहले यूथ कांग्रेस का चुनाव साल 2016 में हुआ था, उस समय प्रदेश उपाध्यक्ष के लिए महेंद्र गंगोत्री चुनाव मैदान में थे। बाद में उन्हें कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। यूथ कांग्रेस के उम्मीदवारों की घोषणा हो गई है, जिसमें बिलासपुर जिले से स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के करीबी आशीष मोनू अवस्थी, भावेंद्र गंगोत्री का नाम शामिल है। आशीष वर्तामान अध्यक्ष पूर्णचंद कोको पाढ़ी के भी करीबी हैं। इसके साथ ही रायपुर से NSUI के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा भी दावेदार हैं।

बिलासपुर से यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव और स्वास्थ्य मंत्री के करीबी आशीष मोनू अवस्थी भी हैं दावेदार

युवाओं में उत्साह, कैंपेनिंग शुरू
इधर पहली बार यूथ प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए बिलासपुर संभाग से उम्मीदवार का नाम सामने आने के बाद बिलासपुर से लेकर सरगुजा संभाग तक युवाओं में चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। इसके साथ ही रायपुर से लेकर जगदलपुर और दुर्ग संभाग में भी कैंपेनिंग शुरू हो गई है।

बिलासपुर से यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के लिए भावेंद्र गंगोत्री भी हैं प्रत्याशी

उम्र सीमा 35 साल तय
इस बार सदस्यता के साथ ही चुनाव लड़ने उम्र की सीमा 18 से 35 तय की गई है। ऐसे में कई दिग्गज यूथ कांग्रेस नेताओं की उम्र 35 से अधिक हो चुकी है। लिहाजा, उन्हें चुनाव से वंचित होना पड़ रहा है। यूथ कांग्रेस के इस चुनाव में 18 वर्ष से 35 वर्ष तक के युवा ही हिस्सा ले सकेंगे। यूथ कांग्रेस की सदस्यता लेते समय उम्र के प्रमाण के दस्तावेज देना अनिवार्य होगा। जिनकी आयु 18 से 35 साल है, वही सदस्य बनाए जा सकते हैं।

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर है उत्साह

मेंबर बनाओं, चुनाव जीतो
माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव 2023 को देखते हुए ही यूथ कांग्रेस का चुनाव कराया जा रहा है। क्योंकि, दावेदारों को ही ऑनलाइन सदस्य बनाना है और चुनाव में नए सदस्यों को हिस्सा लेना है। यानी की ऑनलाइन सदस्यता लेते ही उन्हें ऑनलाइन वोटिंग भी करना होगा। ऐसे में यूथ कांग्रेस चुनाव मेंबर बनाओ और चुनाव जीतो की तर्ज पर होगा, जो प्रत्याशी ज्यादा सदस्य बनाएगा, उसकी जीत सुनिश्चित हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *