दीपावली पर जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जनपदवासियों को दी शुभकामनाएं, बोले- आतिशबाजी के दौरान बच्चों का रखें विशेष ध्यान

(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

झांसी। दीपावली के पावन पर्व को लेकर जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जनपदवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी से त्योहार को आपसी प्रेम, भाईचारे, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दीपावली प्रकाश, उल्लास और खुशियों का पर्व है। यह त्योहार हमें अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने तथा समाज में प्रेम और सद्भाव बनाए रखने का संदेश देता है।

जिलाधिकारी गौरांग राठी ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण जी 14 वर्ष का वनवास पूर्ण करने के बाद जब अयोध्या लौटे थे, तब उनके स्वागत और खुशी में अयोध्यावासियों ने घर-घर घी के दीपक जलाए थे। इसी परंपरा के चलते दीपावली का पर्व हर वर्ष पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस दिन लोग अपने घरों को दीपों, मोमबत्तियों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाते हैं तथा विधि-विधान से मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।

उन्होंने कहा कि दीपावली केवल रोशनी का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सहयोग, सद्भाव और खुशियां बांटने का भी पर्व है। सभी जनपदवासी इस त्योहार को मिल-जुलकर मनाएं और एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होकर सामाजिक एकता और भाईचारे की मिसाल पेश करें।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क

जिलाधिकारी ने बताया कि दीपावली के त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति अथवा वर्ग द्वारा शांति व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास किया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभिभावक आतिशबाजी के समय बच्चों के साथ रहें

जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जनपदवासियों, विशेषकर अभिभावकों से अपील की कि दीपावली पर आतिशबाजी करते समय बच्चों को अकेला न छोड़ें। आतिशबाजी के दौरान उनके साथ स्वयं मौजूद रहें और आवश्यक सावधानियों का ध्यान रखें, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना या अप्रिय घटना न हो। उन्होंने लोगों से सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने तथा दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की।

अंत में जिलाधिकारी ने सभी जनपदवासियों के सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि दीपावली का यह पावन पर्व हर परिवार के जीवन में नई ऊर्जा, प्रकाश, आरोग्य, सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए। सभी लोग हर्षोल्लास के साथ दीपावली मनाएं और जनपद में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बनाए रखने में अपना योगदान दें।