(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

शिवाजीनगर मंडल अध्यक्ष बनाए जाने पर शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार, संगठन को मजबूत करना और 2027 में भाजपा की जीत सुनिश्चित करना बताया लक्ष्य
झांसी। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा झांसी महानगर की नई कार्यकारिणी एवं मंडल अध्यक्षों की घोषणा के क्रम में विजय चौधरी को शिवाजीनगर मंडल अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस नई जिम्मेदारी के मिलने पर उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
विजय चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह इस दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे। संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जाएंगे। संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को साथ लेकर पार्टी की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय बनाया जाएगा।
विजय चौधरी ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और सरकार के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाकर पार्टी के पक्ष में जनसमर्थन मजबूत किया जाएगा। सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का प्रयास रहेगा, जिससे उत्तर प्रदेश में भाजपा की पुनः पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने में योगदान दिया जा सके।
अंत में विजय चौधरी ने जिलाध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष, प्रदेश नेतृत्व एवं पार्टी के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उस पर वह पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे।


