धीरेंद्र शास्त्री के कथित बयानों पर झांसी में विरोध, अधिवक्ताओं सहित छह लोगों ने नवाबाद थाने में दी तहरीर

(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग, अधिवक्ता बोले- सुनवाई नहीं हुई तो न्यायालय का लेंगे सहारा

झांसी। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित विवादित बयानों को लेकर विरोध तेज होता नजर आ रहा है। भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण को लेकर प्रवचन के दौरान की गई कथित टिप्पणियों के मामले में अब झांसी के अधिवक्ताओं ने भी आपत्ति जताई है। इसी क्रम में अधिवक्ताओं सहित छह लोगों ने थाना नवाबाद पहुंचकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ लिखित तहरीर सौंपते हुए मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

थाने में तहरीर देने वालों में एडवोकेट भानू सहाय, एडवोकेट राजेंद्र शर्मा, एडवोकेट अशोक सक्सेना, एडवोकेट प्रदीप नाथ झा, रघुराज शर्मा और उत्कर्ष साहू शामिल रहे। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण को लेकर प्रवचन के दौरान की गई कथित टिप्पणियों से हिंदू एवं सनातन धर्म को मानने वाले लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

एडवोकेट भानू सहाय और राजेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा पूर्व में भी हिंदू धर्म एवं सनातन परंपराओं से जुड़े विषयों पर कथित रूप से अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जाता रहा है। शिकायतकर्ताओं ने अपने प्रार्थना पत्र में भगवान श्रीराम के पांच पिता, बिना मांग भरी महिला को खाली प्लॉट और करवाचौथ को लेकर की गई कथित टिप्पणियों का भी उल्लेख किया है।

अधिवक्ताओं का कहना है कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक मान्यताओं से जुड़े विषयों पर सार्वजनिक मंच से बोलते समय मर्यादा और संवेदनशीलता का ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कराने तथा संबंधित कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

वहीं, एडवोकेट राजेंद्र शर्मा ने स्पष्ट कहा कि यदि पुलिस उनकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई नहीं करती है तो वे न्याय पाने के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। फिलहाल इस मामले को लेकर झांसी में धार्मिक बयानों पर कानूनी कार्रवाई की मांग उठने लगी है।

पूरी वीडियोदेखें…