(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

झांसी। महानगर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को दुर्गा उत्सव महासमिति के पदाधिकारियों ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लक्ष्मी तालाब एवं अनुसुइया घाट स्थित प्रतिमा विसर्जन कुंड और शहर में शोभायात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान विसर्जन कुंड की साफ-सफाई, बिजली के तारों की स्थिति और सड़कों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के बाद पदाधिकारियों ने तैयारियों पर संतोष जताया।
विसर्जन कुंड की सफाई, बिजली के तार भी हुए ऊंचे
दुर्गा उत्सव महासमिति के शोभायात्रा संयोजक पीयूष रावत एवं महामंत्री विनोद अवस्थी ने बताया कि प्रतिमाओं के विसर्जन से पहले जल कुंड की पूरी तरह सफाई करा दी गई है। इसके साथ ही वहां की अन्य व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया गया है। बिजली के तारों को ऊंचा कराया गया है, जिससे शोभायात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं, निरीक्षण के दौरान अधिकांश सड़कें भी दुरुस्त मिलीं।
प्रशासनिक अधिकारियों और महासमिति के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतिमा विसर्जन को लेकर आवश्यक तैयारियां की गई हैं, ताकि शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
20 अक्टूबर को निकलेगी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा

महानगर में 20 अक्टूबर को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके लिए दुर्गा उत्सव महासमिति की ओर से सिंधी तिराहा पर मंच लगाया जाएगा। यहां से सभी दुर्गा प्रतिमाएं निर्धारित नंबरिंग के अनुसार शोभायात्रा में शामिल होकर आगे बढ़ेंगी। शोभायात्रा मार्ग और विसर्जन स्थलों की व्यवस्थाओं को लेकर समिति के पदाधिकारी लगातार सक्रिय हैं।
निरीक्षण में ये लोग रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान शहर कोतवाल अंजन कुमार सिंह, सहायक नगर आयुक्त विपिन कुमार, मोहित गर्ग, दुर्गा उत्सव महासमिति के अध्यक्ष पुरुषोत्तम स्वामी, महामंत्री विनोद अवस्थी, कार्यकारी अध्यक्ष प्रदीप जैन, आदित्य, रोहित पांडेय, जयदीप खरे, मुकेश अग्रवाल, पुरकेश अमरिया, संतोष कुशवाहा, पार्षद राहुल कुशवाहा, विकास अवस्थी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
