झांसी में दर्दनाक सड़क हादसा: नगर निगम के खड़े टैंकर में घुसी स्कूटी, 25 वर्षीय साहिल राईन की मौत

(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

भाई को खाना पहुंचाने मंडी जा रहा था युवक, बस स्टैंड के पास हुआ हादसा; परिवार में मचा कोहराम

झांसी। शहर के सदर थाना क्षेत्र में बस स्टैंड के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। सड़क पर खड़े नगर निगम के टैंकर में स्कूटी पीछे से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान इतवारीगंज निवासी साहिल राईन (25) पुत्र सत्तार राईन के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, साहिल अपने भाइयों में सबसे छोटा था। उसका बड़ा भाई सादिक शरीफा का कारोबार करता है। शनिवार रात मंडी में फलों की छंटाई का काम चल रहा था। इसी दौरान साहिल अपने भाई को खाना पहुंचाने के लिए स्कूटी से मंडी जा रहा था। बस स्टैंड के पास सड़क पर खड़े नगर निगम के टैंकर से उसकी स्कूटी टकरा गई।

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। युवक की मौत की खबर सुनकर परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

सदर बाजार थाना प्रभारी अरुण तिवारी ने बताया कि दुर्घटना में घायल युवक को मेडिकल कॉलेज लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की विधिक जांच कर रही है।