नवरात्रि विसर्जन की तैयारियों को लेकर विधायक रवि शर्मा ने किया स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

झांसी। नवरात्रि पर्व और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर झांसी नगर में तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर विधायक रवि शर्मा ने बुधवार, 30 सितंबर 2026 को नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया।

नगर विधायक रवि शर्मा और नगर आयुक्त अन्ना सूदन समेत नगर निगम, जल निगम, जल संस्थान, विद्युत विभाग तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारी गंधीगर के टपरा पर एकत्रित हुए। इसके बाद अधिकारियों ने खटकयाना, मानिक चौक, मालिनों का चौराहा, सिंधी चौराहा सहित प्रतिमा विसर्जन के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया।

श्रद्धालुओं की सुविधा पर रहा विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान विधायक रवि शर्मा ने अधिकारियों से शहर के प्रमुख मार्गों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नवरात्रि एवं विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिमा विसर्जन में शामिल होते हैं। ऐसे में मार्गों पर किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।

विधायक ने संबंधित अधिकारियों को प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त कराने, नालियों की साफ-सफाई कराने और सड़कों पर हो रहे लीकेज की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सड़कों के ऊपर या नीचे लटक रहे विद्युत तारों को भी समय रहते दुरुस्त कराने को कहा गया।

नवरात्रि से पहले व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

विधायक रवि शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नवरात्रि और प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को आवागमन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और संबंधित विभाग आपसी समन्वय से सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त अन्ना सूदन, अपर नगर आयुक्त राहुल यादव, संयुक्त नगर आयुक्त गौरव कुमार, मुख्य अभियंता राजवीर सिंह, अधिशासी अभियंता नीना सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी विनीत कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी, जल निगम एवं जल संस्थान के अभियंता, विद्युत विभाग के अधिकारी और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा स्थानीय सभासद मुकेश सोनी बंटी, संजीव गुप्ता, सत्येंद्र पुरी, गोकुल दुबे, संतोष खटीक, आदर्श राय और सौरभ वाजपेयी सहित जय मां काली उत्सव समिति मेवातीपुरा खटीक समाज के महासचिव संजय छत्रसाल, अध्यक्ष सोनू खटीक, कोषाध्यक्ष बल्लू बगवार, नंदराम, गेंदालाल एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

#Jhansi #JhansiNews #breaking