भतीजी का रिश्ता तय करने झांसी आ रहे दंपति की दर्दनाक मौत, ओवरब्रिज पर बाइक फिसलने के बाद भारी वाहन ने रौंदा

(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

झांसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में ग्वालियर-शिवपुरी हाईवे बाईपास स्थित झांसी एम्पायर के सामने ओवरब्रिज पर बुधवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार दंपति की अज्ञात भारी वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। दोनों अपनी भतीजी के रिश्ते की बातचीत के लिए आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने झांसी आ रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

भतीजी के रिश्ते की बातचीत के लिए आ रहे थे झांसी

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र के ग्राम हिम्मतपुर निवासी बालकिशन जाटव (55) अपनी पत्नी रामरति (52) के साथ बाइक से झांसी के लिए रवाना हुए थे। परिजनों के अनुसार, रामरति के मायके पक्ष के बिरगुवां गांव निवासी भाई भगवत की बेटी रूपा के रिश्ते की बातचीत चल रही थी। इसी सिलसिले में लड़के पक्ष के लोग झांसी के सखी के हनुमान मंदिर पहुंचे हुए थे। दंपति भी इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकले थे।

ओवरब्रिज पर बिगड़ा बाइक का संतुलन

बताया जा रहा है कि दोपहर करीब एक बजे जब दंपति की बाइक ग्वालियर-शिवपुरी बाईपास के ओवरब्रिज पर पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात भारी वाहन ने तेज हॉर्न बजाया। अचानक हॉर्न की आवाज से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने कंक्रीट डिवाइडर से जा टकराई।टक्कर लगने के बाद बालकिशन और उनकी पत्नी रामरति सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहा भारी वाहन दोनों को रौंदता हुआ निकल गया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं

हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और एक ट्रक चालक ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सीपरी बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।दंपति की मौत की खबर जैसे ही सखी के हनुमान मंदिर में मौजूद परिजनों तक पहुंची, वहां चीख-पुकार मच गई। जिस कार्यक्रम में भतीजी के रिश्ते को लेकर खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अचानक मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शामिल अज्ञात भारी वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

सीओ सिटी प्रिया सिंह ने बताया कि बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई थी। इसके बाद पीछे से आ रहे भारी वाहन की चपेट में आने से दंपति की मौत हुई। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले की विधिक जांच की जा रही है।