झांसी में लूट का खुलासा, मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, चार गिरफ्तार

(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

झांसी। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत झांसी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस, स्वाट एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 28 सितंबर को धोबीघाट चौकी क्षेत्र के बड़ागांव गेट के पास हुई लूट की घटना का सफल अनावरण किया गया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के घायल होने समेत कुल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, नगरिया पुल के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार आरोपियों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में ऋषभ वाल्मीकि के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज झांसी भेजा गया। तीन अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, 1,320 रुपये नकद, अन्य प्रपत्र, 315 बोर का तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त दो बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं।

बताया गया कि 28 सितंबर को शिकायतकर्ता ने धोबीघाट चौकी क्षेत्र में तहरीर देकर बड़ागांव गेट के पास 2,000 रुपये और मोबाइल फोन छीने जाने की जानकारी दी थी। मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक मामले में एक अन्य आरोपी हिमांशू उर्फ होती मौके से फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।