(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

डूबते परिजन को बचाने के प्रयास में एक-एक कर गहरे पानी में समाए पांचों, गोताखोरों ने आधे घंटे में निकाले शव
झांसी/मऊरानीपुर। पितृपक्ष के दौरान पूर्वजों के श्राद्ध एवं तर्पण के लिए सुखनई नदी पहुंचे एक ही परिवार के पांच लोगों की मंगलवार को डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब नदी में स्नान और तर्पण के दौरान एक व्यक्ति गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में परिवार के अन्य सदस्य भी नदी में उतर गए और तेज बहाव व गहराई के चलते एक-एक कर पांचों पानी में समा गए। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवीसिंहपुरा (देवरी सिंहपुरा) निवासी अनूप तिवारी अपने बेटे अर्पित तिवारी, भतीजे अभिनय तिवारी, श्रेयांश तिवारी तथा भांजे पुष्कर शुक्ला निवासी जालौन के साथ मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे पूर्वजों के पिंडदान एवं श्राद्ध कर्म के लिए सुखनई नदी पहुंचे थे। बताया गया कि पूजा-अर्चना और तर्पण के दौरान अनूप तिवारी अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए अर्पित, अभिनय, श्रेयांश और पुष्कर भी पानी में उतर गए। देखते ही देखते सभी गहरे पानी में डूब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। एसडीएम मनोज कुमार भारती, क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर रत्नेश कुमार, कोतवाली पुलिस तथा रानीपुर चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने पांचों लोगों के शव नदी से बाहर निकाल लिए।
शवों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी रत्नेश कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, एसडीएम मनोज कुमार भारती ने बताया कि मृतकों के परिजनों को आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन की ओर से 24 से 48 घंटे के भीतर सहायता राशि उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
एक ही परिवार के पांच सदस्यों की एक साथ मौत की खबर से देवीसिंहपुरा गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
पूरी वीडियो देखें….

