सुकवा-ढुकवा डैम में तीन युवकों के शव मिलने से हड़कंप

(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

नहाने के दौरान डूबने की आशंका, बाइक बरामद; पहचान में जुटी पुलिस

झांसी। बबीना थाना क्षेत्र स्थित सुकवा-ढुकवा डैम में मंगलवार सुबह तीन अज्ञात युवकों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने डैम के पानी में शव पड़े देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तीनों शवों को पानी से बाहर निकलवाया।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की उम्र करीब 25 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। तीनों शव पानी में अलग-अलग स्थानों पर मिले। डैम की सड़क पर एक बाइक भी बरामद हुई है, जबकि शवों के पास कपड़े नहीं मिले। बाइक के आधार पर पुलिस मृतकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

नहाने के दौरान हादसे की आशंका

बाइक मिलने के आधार पर पुलिस को आशंका है कि तीनों युवक डैम घूमने आए होंगे। संभवत: नहाने के लिए पानी में उतरने के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने अभी मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

बबीना थाना प्रभारी राहुल सिंह राठौड़ ने बताया कि तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगालने के साथ ही बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मृतकों की पहचान का प्रयास कर रही है। मामले की जांच जारी है।

पूरी वीडियो देखें……