(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

संगठन और विचारधारा दोनों में लोकतंत्र पार्टी की पहचान : मऊरानीपुर में नगर बैठक
झांसी। देश की राजनीति में विभिन्न स्तरों पर बिखरी लोकतांत्रिक राजनीतिक शक्तियों को एकजुट कर सम्यक पार्टी को मजबूत लोकतांत्रिक राजनीतिक शक्ति के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी की पहचान केवल लोकतांत्रिक विचारधारा तक सीमित नहीं है, बल्कि उसका संगठनात्मक ढांचा भी लोकतांत्रिक सिद्धांतों पर आधारित है। यह बात सम्यक पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी मनोहर बौद्ध ने मऊरानीपुर में आयोजित नगर बैठक को संबोधित करते हुए कही।
गरौठा चौराहा स्थित लवावली कॉम्प्लेक्स में आयोजित बैठक में मनोहर बौद्ध ने कहा कि लोकतंत्र का अर्थ केवल चुनाव और मतदान तक सीमित नहीं है। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए राजनीतिक संगठनों के भीतर भी निर्णय प्रक्रिया, नेतृत्व निर्माण, विचार-विमर्श और नीतियों के निर्धारण में कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों की सहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि सम्यक पार्टी ऐसी राजनीतिक संस्कृति विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है, जिसमें संवाद, सहभागिता, समान अवसर और सामूहिक निर्णय को प्राथमिकता दी जाए। पार्टी का उद्देश्य लोकतांत्रिक सोच रखने वाले लोगों तथा विभिन्न सामाजिक समूहों को एक साझा राजनीतिक मंच से जोड़ना और उन्हें राजनीतिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का अवसर उपलब्ध कराना है।
मनोहर बौद्ध ने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन का विस्तार केवल सदस्य संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। पार्टी की विचारधारा और लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचकर पार्टी के विचारों से लोगों को अवगत कराने का आह्वान किया।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राजेश पांचाल ने की। उन्होंने पार्टी की विचारधारा को जनसामान्य तक पहुंचाने के साथ संगठन को बूथ एवं विधानसभा स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया। नगर अध्यक्ष अजय कुमार ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का माला पहनाकर स्वागत किया।
संगठन विस्तार के क्रम में जयप्रकाश खड़ौरा को मऊरानीपुर विधानसभा उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। इस दौरान पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को विधानसभा स्तर पर मजबूत करने और पार्टी के लोकतांत्रिक विचारों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के आयोजक नगर उपाध्यक्ष रामबाबू गौतम रहे। बैठक में नगर एवं क्षेत्र के सैकड़ों स्थानीय लोग तथा पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में नगर उपाध्यक्ष भूपेंद्र जी ने अतिथियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

