(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज, आरोपी पति गिरफ्तार
झांसी। कोतवाली थाना क्षेत्र में शराब के साथ चखना बनाने से मना करने पर पति ने पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले पत्नी के सिर पर हंसिया से हमला किया और फिर उसे छत से नीचे फेंक दिया। वारदात को छत से गिरने से हुई मौत का रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हत्या का राज खोल दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त हंसिया बरामद कर लिया है।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बबीना के नयाखेड़ा बडेरा निवासी लालाराम आदिवासी (32) अपनी पत्नी दीपमाला (27) के साथ कोतवाली क्षेत्र में अंजनी माता मंदिर के पास रहकर मजदूरी करता था। दीपमाला के पहले पति सुरेश कहार की मृत्यु के बाद वह लालाराम के साथ रह रही थी।
चखना बनाने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर की शाम लालाराम शराब के चार पाउच लेकर आया था। दो पाउच शराब पीने के बाद दीपमाला लेट गई। कुछ देर बाद लालाराम ने उससे प्याज का चखना बनाने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज होने लगी। विवाद बढ़ने पर लालाराम खुद हंसिया से प्याज काटने लगा। इसी दौरान उसने गुस्से में आकर हंसिया से दीपमाला के सिर पर हमला कर दिया और फिर उसे छत से नीचे फेंक दिया। वारदात के बाद आरोपी शराब पीकर सो गया।
छत से गिरने की बताई झूठी वजह
अगली सुबह 15 अक्टूबर को जब लालाराम सोकर उठा, तो दीपमाला मृत अवस्था में पड़ी थी। इसके बाद उसने खून से सने हंसिया को झाड़ियों में छिपा दिया। उसने आसपास के लोगों और मकान मालिक को बताया कि दीपमाला की छत से गिरने के कारण मौत हो गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में सिर पर धारदार हथियार से गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया। मृतका की मां गीताबाई कहार की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान पुलिस ने लालाराम को हिरासत में लिया, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे जेल भेज दिया।
पूरी खबर वीडियो में दखें…..

