(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

पन्नी बीनने गई लड़की को बोरी में मिली खोपड़ी, माथे पर लगा था सिंदूर व तिलक; पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
झांसी। कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीतालाब स्थित कुंड के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक प्लास्टिक की बोरी में मानव खोपड़ी मिलने की जानकारी सामने आई। खोपड़ी मिलने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने खोपड़ी को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पन्नी बीनने गई लड़की ने बोरी में देखी खोपड़ी
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीतालाब के पास मूर्ति विसर्जन के लिए कुंड बनाया गया है। इसके आसपास कूड़ा एकत्रित किया जाता है। रोजाना की तरह कुछ लड़के और लड़कियां वहां पन्नी व प्लास्टिक की बोतलें बीनने पहुंचे थे। इसी दौरान एक लड़की की नजर वहां पड़ी प्लास्टिक की बोरी पर गई। बोरी खोलकर देखने पर उसके अंदर मानव खोपड़ी दिखाई दी। बताया जा रहा है कि खोपड़ी के माथे पर तिलक और सिंदूर लगा हुआ था। यह देखकर लड़की घबरा गई और बोरी छोड़कर वहां से भाग गई।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।
पार्षद राहुल कुशवाहा भी मौके पर पहुंचे
मानव खोपड़ी मिलने की जानकारी पर स्थानीय पार्षद राहुल कुशवाहा सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई। खोपड़ी बोरी में बंद मिलने से स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की।
तंत्र-मंत्र से जुड़े होने की आशंका, पुलिस हर पहलू पर कर रही जांच
खोपड़ी के माथे पर तिलक और सिंदूर लगे होने के कारण कुछ लोगों ने घटना को तंत्र-मंत्र से जोड़कर आशंका जताई। हालांकि, अभी तक इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि खोपड़ी को किसी तांत्रिक गतिविधि के तहत वहां रखा गया था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
पुरानी कब्र से निकली या किसी अन्य कारण से पहुंची खोपड़ी?
पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि मानव खोपड़ी वहां कैसे पहुंची। इसके पीछे किसी असामाजिक तत्व की भूमिका है या खोपड़ी किसी पुरानी कब्र से निकलकर वहां पहुंची, इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल किसी अपराध या पुरानी रंजिश से जुड़े होने की पुष्टि नहीं हुई है।
फॉरेंसिक विशेषज्ञ जुटा रहे साक्ष्य
पुलिस ने मानव खोपड़ी को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच में फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी एकत्रित की जा रही है, ताकि खोपड़ी मिलने के कारणों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल पुलिस जांच जारी है। मानव खोपड़ी कहां से आई और उसे कुंड के पास बोरी में किसने रखा, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

