लोडर की चपेट में आने से मासूम की मौत, थाने के बाहर शव रखकर परिजनों ने किया प्रदर्शन

(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

हादसे में 7 वर्षीय रणवीर ने ग्वालियर में उपचार के दौरान तोड़ा दम, परिजनों ने लगाई न्याय की गुहार

झांसी,/ सदर बाजार थाना क्षेत्र में दुर्गा महोत्सव के दौरान चावल से भरे लोडर की चपेट में आने से घायल हुए सात वर्षीय मासूम रणवीर की उपचार के दौरान मौत हो गई। ग्वालियर में इलाज के दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर झांसी पहुंचे और सदर बाजार थाने के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग की।

जानकारी के अनुसार, रघुवीर अपनी पत्नी रवीना के साथ झांसी में सड़क किनारे खिलौने और गुब्बारे बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मंगलवार की देर शाम सदर बाजार क्षेत्र में दुर्गा महोत्सव के मेले के दौरान उन्होंने अपनी दुकान लगाई थी। इसी बीच उनका सात वर्षीय बेटा रणवीर वहां खेल रहा था। तभी चावल से भरा एक लोडर वहां से निकला और मासूम उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन मासूम का शव लेकर झांसी पहुंचे। आक्रोशित परिजनों ने सदर बाजार थाने के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया और न्याय की मांग उठाई। मृतक के माता-पिता ने बताया कि वे बेहद गरीब हैं और खिलौने व गुब्बारे बेचकर किसी तरह परिवार का गुजारा करते हैं। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग गया। परिजनों ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए कहा कि उनके पास बच्चे के अंतिम संस्कार तक के लिए पर्याप्त पैसे नहीं हैं।

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। सदर बाजार थाना प्रभारी अरुण कुमार तिवारी ने बताया कि परिजन शव थाने के बाहर रखकर आक्रोश जता रहे थे। उनकी तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

परिजन मासूम की मौत से सदमे में हैं और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पूरी वीडियो देखें…….