(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

ओरछा धाम में रामराजा सरकार के समक्ष संपन्न हुआ विवाह, समाज के लोगों ने उपहार देकर नवदंपती को दिया आशीर्वाद
झांसी, 12 अक्टूबर। रायकवार समाज ने मानवता और सामाजिक सहयोग की मिसाल पेश करते हुए निराश्रित दिव्यांग युवती आकांक्षा रायकवार का विवाह समाज के लोगों के सामूहिक सहयोग से संपन्न कराया। युवती के माता-पिता का कोरोना काल में निधन हो गया था। ऐसी परिस्थिति में समाज के लोगों ने आगे आकर उसकी शादी की जिम्मेदारी निभाई और उसे नए जीवन की शुरुआत के लिए सहयोग प्रदान किया।
जानकारी के अनुसार, बलमपुर निवासी कु. आकांक्षा रायकवार का विवाह बिजौली निवासी पंकज रायकवार, पुत्र राजकिशोर रायकवार के साथ 12 अक्टूबर 2026 को ओरछा धाम में संपन्न हुआ। निषाद कश्यप बिंद केवट रायकवार कल्याण महासभा के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद किशोरी प्रसाद रायकवार के नेतृत्व में समाज के लोगों ने विवाह को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विवाह समारोह में दोनों पक्षों के परिजन और समाज के लोग ओरछा धाम पहुंचे। ढोल-नगाड़ों के साथ बारात का स्वागत किया गया। इसके बाद मंदिर परिसर में पंडित के निर्देशन में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार भगवान श्रीरामराजा सरकार के समक्ष वर-वधू ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई। मंदिर परिसर में ही विवाह की भांवर की रस्म पूरी कराई गई।
इस अवसर पर समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से नवदंपती को उपहार भेंट किए और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए आशीर्वाद प्रदान किया। माता-पिता के साए से वंचित आकांक्षा की विदाई के समय माहौल भावुक हो गया। उपस्थित लोगों ने नम आंखों से बेटी को विदा किया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समाज के इस सराहनीय प्रयास ने यह संदेश दिया कि जरूरतमंद और निराश्रित लोगों की सहायता करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। आपसी सहयोग और संवेदनशीलता से किसी जरूरतमंद के जीवन में खुशियां लाई जा सकती हैं।
ये लोग रहे उपस्थित
विवाह समारोह में किशोरी प्रसाद रायकवार (पूर्व पार्षद), विज्ञानंदन रायकवार, राजू रायकवार, रिंकेश रायकवार, प्रिंस चाट वाले, राजकिशोर रायकवार, परशुराम रायकवार, महेश प्रजापति, श्रीमती कमला रायकवार, सोनम, हरिमोहन रायकवार, पार्वती राजकिशोर रायकवार, पिंकी रायकवार और चम्पा रायकवार सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।

