विधवा के मकान पर जेठ-ननदों की नजर, ताला लगाकर बेचने के प्रयास का आरोप

(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

न्याय के लिए एसएसपी से लगाई गुहार, बंद कमरे का ताला खुलवाने और सुरक्षा की मांग

झांसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के मसीहा गंज अंतर्गत नंदन सुनार का हाता निवासी एक विधवा महिला ने अपने जेठ और ननदों पर पैतृक मकान पर अवैध कब्जे का प्रयास करने और मकान को बेचने की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच, बंद कमरे का ताला खुलवाने और सुरक्षा की मांग की है।

प्रार्थिया रानी गौतम पत्नी स्वर्गीय राजेश गौतम ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वर्ष 2019 में बीमारी के चलते उनके पति राजेश गौतम का निधन हो गया था। उनके अनुसार, पति के जीवनकाल में ही सास-ससुर ने सभी पुत्रों के बीच पारिवारिक बंटवारा कर दिया था, जिसमें वर्तमान मकान उनके पति के हिस्से में आया था।

कमरे में बंद है गृहस्थी का सामान

पीड़िता का आरोप है कि पति की मृत्यु के कुछ समय बाद बड़े जेठ कैलाश चौधरी और ननदों ने मकान के नीचे वाले हिस्से में जबरन ताला लगा दिया। कमरे के अंदर उनकी गृहस्थी का जरूरी सामान, दैनिक उपयोग के बर्तन और बच्चों के कपड़े रखे हुए हैं। लंबे समय से बंद कच्चे-गारे के कमरे में बरसात की सीलन और चूहों के कारण सामान खराब होने के साथ ही भवन भी जर्जर हो गया है। पीड़िता ने कमरे के कभी भी क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई है।

मजदूरी कर तीन बच्चों का कर रहीं भरण-पोषण

रानी गौतम ने बताया कि वह मजदूरी करके अपने तीन बच्चों—पुत्री मुस्कान (20), पुत्र जिगर (15) और पुत्र नैतिक (12)—का भरण-पोषण कर रही हैं। जगह की कमी के चलते परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि जेठ कैलाश चौधरी अन्य भाइयों को पहले से पक्के मकान मिलने के बावजूद इस हिस्से को भी बेचने का प्रयास कर रहे हैं। पीड़िता ने बच्चों समेत उन्हें बेघर करने के लिए मानसिक और पारिवारिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का भी आरोप लगाया है।

एसएसपी से कार्रवाई की मांग

पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बंद कमरे का ताला खुलवाने, कथित प्रताड़ना से राहत दिलाने तथा मकान पर अवैध कब्जे अथवा बिक्री का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।