(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान की कार्रवाई, बरामद गांजे की कीमत करीब 31.16 लाख रुपये
झांसी। त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत झांसी में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 62.338 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 31 लाख 16 हजार 900 रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, 4 अक्टूबर को त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशन परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों और सामान की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम को संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली। टीम ने सतर्कता बरतते हुए संदिग्धों की जांच की तो उनके पास मौजूद सामान से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ का वजन करने पर कुल मात्रा 62.338 किलो पाई गई।
ओडिशा से दतिया ले जा रहे थे गांजा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि गांजा ओडिशा से दतिया ले जाया जा रहा था। आरोपियों की योजना दतिया पहुंचकर गांजे को छोटे स्तर पर बेचने और उससे मुनाफा कमाने की थी। पुलिस के अनुसार, यह मामला अंतरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दतिया निवासी यशवंत साहू (26), उसकी पत्नी सोनिया साहू (26) तथा सोनम अहिरवार (20) के रूप में हुई है। संयुक्त टीम ने बरामद गांजे को कब्जे में लेते हुए आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित संगठित गिरोह से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच के साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं। इसके अलावा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई में निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह और एसआई नवीन कुमार समेत जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए आगे भी इसी तरह सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

