दिल्ली व पंजाब में ऐतिहासिक जीत से उत्साहित APP की छत्तीसगढ़ पर नजर, रायपुर में निकाली ‘विजय यात्रा’

संवाददाता, रायपुर।

देश की राजधानी दिल्ली के बाद पंजाब विधानसभा में ऐतिहासिक सफलता से लबरेज आम आदमी पार्टी (AAP) अब छत्तीसगढ़ में भी झाड़ू चलाने की तैयारी कर रही है। सोमवार को राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान से आप की विजय यात्रा निकाली गई। इस विजय यात्रा का स्लोगन बदलबो छत्तीसगढ़ रखा गया। ‘आप’ के नेता और दिल्ली के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय इस विजय रैली में शामिल हुए। इस दौरान रास्तेभर सत्ता बदलनी चाहिए गीत गूंजता रहा।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के साइंस कालेज मैदान से दिल्ली के मंत्री और प्रदेश प्रभारी गोपाल राय, विधायक संजीव झा, सह प्रभारी सुरेश कठैत, छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी के नेतृत्व में बदलबो छत्तीसगढ़ विजय यात्रा शुरू हुई। विजय यात्रा में प्रदेशभर से सैकड़ों आप नेताओं व कार्यकर्ताओं शामिल हुए। विजय यात्रा ईदगाह भाठा, पुरानी बस्ती होते हुए बूढ़ेश्वर मंदिर बूढ़ापारा में समाप्त हुई। बता दें कि आम आदमी पार्टी को पंजाब में ऐतिहासिक जीत मिली है। पार्टी देश की राजधानी दिल्ली में दो बार अपनी सरकार बना चुकी है। आम आदमी पार्टी ने सोमवार को ही छत्तीसगढ़ के लोरमी क्षेत्र के निवासी डॉ. संदीप पाठक को पंजाब से राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया है। इसे बड़ा सियासी दांव के रूप में देखा जा रहा है।  

2023 के चुनाव में ‘आप’ का दिखेगा असर 
प्रदेश प्रभारी गोपाल राय का कहना है कि छत्तीसगढ़ भी दिल्ली व पंजाब की तरह हैं। 15 साल यहां भाजपा की सरकार थी। पिछले 3 साल से कांग्रेस लोगों को धोखा देती आ रही है। छत्तीसगढ़ की जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है और अगले चुनाव में इसका असर दिखेगा। बता दें कि छत्तीसगढ़ में 2023 में विधानसभा चुनाव होना है। आम आदमी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए अभी से रणनीति बना रही है।  

2018 में खाता भी नहीं खोल पाई थी आप
आपको बता दें कि साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में ‘आप’ ने छत्तीसगढ़ में 90 में से 85 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन पार्टी अपना खाता खोलने में भी कामयाब नहीं हो पाई थी। हालांकि इस बार फिर आप नेता दावा कर रहे हैं कि वे 2023 के विधानसभा चुनावों में भाजपा और कांग्रेस दोनों को कड़ी टक्कर देंगे। आम आदमी पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रभारी गोपाल राय ने सदस्यता अभियान पर जोर दिया है। हर जिले में लोगों को पार्टी से जोड़ना है और पार्टी की विचारधारा अवगत कराना है। आने वाले दिनों में प्रदेश के सभी जिलों में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।

‘आप’ के संपर्क में भाजपा-कांग्रेस के कई नेता 
आप के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने एक दिन पहले दावा किया कि भाजपा और कांग्रेस के कई नेता ‘आप’ के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं आपको नाम नहीं बता सकता, लेकिन कांग्रेस और भाजपा के कुछ बड़े नेता हमारे संपर्क में हैं और भविष्य में जरूरत पड़ने पर उनके नाम सार्वजनिक किए जाएंगे।’ आपको बता दें कि 2018 के चुनाव में कुल 90 सीटों में कांग्रेस ने 68 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा 15 सीट पर सिमट गई थी। अजीत जोगी की जनता पार्टी छत्तीसगढ़ (जे) ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ गठबंधन कर सात सीटें जीती थीं।