(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

चिरगांव में 101 जरूरतमंद बेटियों का कराया जाएगा सामूहिक विवाह, एक लाख लोगों के भोजन की होगी व्यवस्था
झांसी। बबीना विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के टिकट के दावेदार वीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ वीरू यादव ने रविवार शाम एक निजी होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में 20 दिवसीय जनसंवाद यात्रा की घोषणा की। उन्होंने बताया कि सोमवार से शुरू होने वाली यह यात्रा विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव पहुंचेगी, जहां वह ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और स्थानीय मुद्दों की जानकारी लेंगे।
वीरू यादव ने कहा कि जनसंवाद यात्रा के दौरान विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में पहुंचकर ग्रामीणों के बीच समय बिताया जाएगा। यात्रा के दौरान वह प्रतिदिन संबंधित गांव में ही रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन सुबह गांव के प्रमुख मंदिर में स्वच्छता अभियान चलाने के बाद अगले गांव के लिए रवाना होंगे। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य केवल जनसंपर्क करना नहीं, बल्कि ग्रामीणों की वास्तविक समस्याओं को नजदीक से समझकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी प्रयास करना है।
उन्होंने कहा कि गांवों में संवाद के दौरान सामने आने वाली समस्याओं में जो मामले स्थानीय स्तर पर हल किए जा सकते हैं, उनका संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों के सहयोग से समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, जिन समस्याओं के लिए शासन स्तर से हस्तक्षेप आवश्यक होगा, उन्हें शासन और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा।
नवंबर में 101 जरूरतमंद कन्याओं का सामूहिक विवाह
प्रेसवार्ता के दौरान वीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ वीरू यादव ने एक बड़ी सामाजिक पहल की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि जनसंवाद यात्रा के दौरान ऐसे परिवारों को चिह्नित किया जाएगा, जो आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण अपनी बेटियों का विवाह कराने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जनसंवाद यात्रा पूरी होने के बाद नवंबर के अंतिम सप्ताह में चिरगांव कस्बे में 101 जरूरतमंद कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। आयोजन को भव्य रूप देने के लिए लगभग एक लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था किए जाने की बात भी उन्होंने कही। उन्होंने कहा कि बेटियों के विवाह में आर्थिक परेशानी किसी परिवार के लिए बाधा न बने, इसी उद्देश्य से यह पहल की जा रही है।
प्रेसवार्ता में वीरू यादव ने जनसंवाद यात्रा और सामूहिक विवाह कार्यक्रम को लेकर अपनी तैयारियों की जानकारी दी। इस दौरान उनके कई सहयोगी, समर्थक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

