शादी की तैयारियों के बीच युवती की मौत, गांव में दहशत और आक्रोश

(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

सामूहिक दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाने का आरोप, पांच युवक हिरासत में

झांसी/गुरसरायं। गुरसरायं थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय बीए छात्रा की जहरीला पदार्थ खाने से मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने छह युवकों पर छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट और अश्लील वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। आरोप है कि वीडियो वायरल करने की धमकी से भयभीत होकर छात्रा ने जहरीला पदार्थ खा लिया। पुलिस ने पांच युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

1. परिजनों के मुताबिक छात्रा का रिश्ता उरई में तय हो चुका था और चार-पांच महीने बाद उसकी शादी होनी थी। घर में बेटी की शादी को लेकर तैयारियां चल रही थीं। परिवार बेटी को खुशी-खुशी विदा करने की तैयारी में जुटा था, लेकिन इसी बीच हुई घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

2. परिजनों का आरोप है कि 20 सितंबर को एक युवक छात्रा को बेड़ा में बने एक कमरे में खींचकर ले गया। वहां उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि उसके साथ मौजूद अन्य युवकों ने भी वारदात में सहयोग किया। छात्रा के विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।

3. परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपितों ने घटना का अश्लील वीडियो भी बना लिया था। छात्रा को धमकी दी गई कि यदि उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए जाएंगे। इसके बाद से छात्रा काफी परेशान रहने लगी थी और गुमसुम रहती थी।

4. परिजनों के अनुसार छात्रा घटना के बाद लगातार रो रही थी और आरोपितों को सजा दिलाने की बात कह रही थी। इसी बीच उसने कथित तौर पर चूहा मारने की दवा खा ली। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां मंगलवार तड़के उसकी मौत हो गई।

5. छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद गांव में भी दहशत और आक्रोश का माहौल है।

6. मृतका के भाई ने बताया कि जिस स्थान पर घटना होने की बात सामने आई है, वह अक्सर सुनसान रहता है। आसपास लोगों की आवाजाही जरूर रहती है, लेकिन घटना के समय किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। परिजनों ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

7. घटना की जानकारी मिलने पर गुरसरायं थाना प्रभारी अखिलेश द्विवेदी और एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

8. एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पांच युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

9. पुलिस अधिकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में युवती की मौत विषाक्त पदार्थ के सेवन से होने की बात सामने आई है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी। पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल की मौजूदगी में फोटोग्राफी के साथ कराया जाएगा।

10. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। युवती की किसी व्यक्ति से बातचीत होने की जानकारी भी जांच में सामने आई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपों की पड़ताल कर रही है।

पुलिस की कार्रवाई की वीडियो……