(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

झांसी। झांसी नगर निगम के आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं, जल संस्थान के कर्मचारियों एवं मत्स्यजीवी सहकारी समितियों के सचिवों को मासिक वेतन दिलाए जाने सहित विलुप्त हो रहे तालाबों एवं जलाशयों के संरक्षण की मांग को लेकर झांसी से एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री जनता दरबार में ज्ञापन देने के लिए लखनऊ रवाना हुआ।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व पार्षद किशोरी प्रसाद रायकवार, विज्ञानदान रायकवार, बालमुकुंद रायकवार, महेश प्रजापति सहित अन्य लोग शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ पहुंचकर पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा एवं राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद से मुलाकात की। इस दौरान विभिन्न सामाजिक एवं स्थानीय समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने तालाबों एवं जलाशयों के संरक्षण के साथ ही विलुप्त हो रहे तालाबों को बचाने तथा इन जलाशयों से निकलने वाली मिट्टी को कुम्हार समाज को उपयोग के लिए उठाने की अनुमति दिए जाने की मांग भी रखी।
इसके अलावा नगर निगम के आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं तथा जल संस्थान के कर्मचारियों और मत्स्यजीवी सहकारी समितियों के सचिवों को नियमित रूप से मासिक वेतन दिलाए जाने का मुद्दा भी उठाया गया।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल की ओर से सामाजिक एवं राजनीतिक स्तर पर भाजपा से जुड़े समाज के लोगों को उचित प्रतिनिधित्व दिए जाने की मांग भी सांसद के समक्ष रखी गई। सांसद बाबूराम निषाद ने प्रतिनिधिमंडल को समस्याओं के संबंध में उचित स्तर पर चर्चा किए जाने का आश्वासन दिया।
पूर्व पार्षद किशोरी प्रसाद रायकवार ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल बुधवार को मुख्यमंत्री जनता दरबार में पहुंचकर विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करेगा। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को शासन के समक्ष पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई कराना है।

