(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

132.77 लाख की लागत से बन रहा राजकीय हाईस्कूल भवन, गुणवत्ता को लेकर डीएम ने जताई नाराजगी

झांसी। विकासखंड बामौर के ग्राम डुमरई में 132.77 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन राजकीय हाईस्कूल भवन की गुणवत्ता जांचने के लिए जिलाधिकारी गौरांग राठी ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं हथौड़े से दीवार पर चोट कर उसकी मजबूती परखी। इस दौरान एक कक्ष की दीवार की मजबूती संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान भवन की बीम से सरिया बाहर निकला हुआ मिला। वहीं भवन के ऊपरी हिस्से की कास्टिंग में भी कई कमियां सामने आईं। जिलाधिकारी ने कक्षा-कक्षों में लगी खिड़कियों एवं जालियों की फिक्सिंग तथा वेल्डिंग का भी निरीक्षण किया। जालियों की फिक्सिंग में उचित फिनिशिंग नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने विद्यालय के टॉयलेट ब्लॉक का भी निरीक्षण किया, जहां निर्माण में प्रयुक्त ईंटों की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। इसके अलावा एक कमरे की दीवार में सीलन मिलने पर जिलाधिकारी ने छत पर ब्रिक कोबा तकनीक से शीघ्र वॉटरप्रूफिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि भवन को भविष्य में सीलन और पानी के रिसाव से बचाया जा सके।
निर्माण कार्य की प्रगति के संबंध में यूपी सिडको के प्रोजेक्ट मैनेजर ने जिलाधिकारी को बताया कि भवन का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष कार्य को 31 अक्टूबर 2026 तक पूरा किया जाना प्रस्तावित है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा में निर्माण कार्य पूरा करने के साथ-साथ गुणवत्ता के मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।
विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने ग्राम निधि से विद्यालय परिसर में तार फेंसिंग कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सरकारी भवनों के निर्माण में घटिया अथवा दोयम दर्जे की सामग्री का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की लगातार निगरानी करने और कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सुनील कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक रती वर्मा, यूपी सिडको के प्रोजेक्ट मैनेजर रजनीश कुमार श्रीवास्तव तथा सहायक अभियंता सौरभ पिपरैया सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

