झांसी रील बनाने के चक्कर में 30 फीट ऊंचे बांध से कूदा युवक, चट्टान से टकराकर दोनों पैर टूटे,

आशिफ खान संवाददाता सक्सेस मीडिया झांसी

झांसी। सोशल मीडिया पर रील बनाने और स्टंट दिखाने का जुनून एक युवक के लिए भारी पड़ गया। रविवार शाम रक्षा थाना क्षेत्र के परवाई गांव निवासी 32 वर्षीय पुष्पेंद्र कुमार पुत्र राजकुमार दोस्तों के साथ पहूज डैम घूमने पहुंचा था। यहां रील बनाने के दौरान उसने बांध के व्यू प्वाइंट पर लगी रेलिंग को पार कर करीब 30 फीट की ऊंचाई से नदी में छलांग लगा दी। नीचे पानी कम होने के कारण युवक सीधे चट्टानों से जा टकराया। हादसे में उसके दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हो गया।बताया गया कि पुष्पेंद्र अपने दोस्तों के साथ पहूज डैम पहुंचा था। वहां रील बनाने के लिए वह बांध की रेलिंग फांदकर छलांग लगाने लगा। जिस स्थान पर उसने छलांग लगाई, वहां पानी की गहराई काफी कम थी और नीचे सख्त चट्टानें मौजूद थीं। पानी में गिरते ही वह चट्टान से टकरा गया। गंभीर चोट लगने के कारण वह तैर नहीं सका और पानी में डूबने लगा।मौके पर मौजूद स्थानीय गोताखोरों ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल पानी में छलांग लगाई और युवक को बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए प्रयास से उसकी जान बच गई। घटना की सूचना मिलने पर ग्रासलैंड चौकी प्रभारी रणविजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।दोस्तों ने बनाया स्टंट का वीडियोहादसे के बाद घटना का करीब 31 सेकंड का वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवक के दोस्त ही मोबाइल से उसकी रील बना रहे थे। वीडियो में पुष्पेंद्र रेलिंग पार कर छलांग लगाने की तैयारी करता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान उसके दोस्त मजाक करते हुए नजर आते हैं। इसके कुछ ही क्षण बाद युवक करीब 30 फीट ऊंचाई से नदी में छलांग लगा देता है।अस्पताल में कराया भर्तीपुलिस ने घायल युवक को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने एक्स-रे कराया, जिसमें दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। युवक का उपचार जारी है। घटना की जानकारी उसके परिजनों को भी दे दी गई है।रील और सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने के लिए युवाओं द्वारा खतरनाक स्थानों पर किए जा रहे स्टंट को लेकर यह हादसा गंभीर सवाल खड़े करता है। विशेषज्ञों का कहना है कि कुछ सेकंड की वीडियो और सोशल मीडिया पर लाइक-कमेंट की चाह में जान जोखिम में डालना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।

झांसी के पहूज डैम में रील बनाने के लिए एक युवक ने करीब 30 फीट की ऊंचाई से छलांग लगा दी। पानी कम होने के कारण वह नीचे मौजूद चट्टानी सतह से जा टकराया, जिससे उसके दोनों पैर टूट गए। हादसे के बाद युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया।इलाज के दौरान युवक ने अपनी गलती मानते हुए कहा कि अब दोबारा कभी ऐसा खतरनाक स्टंट नहीं करूंगा। घटना का वीडियो भी सामने आया है।