मार्च से बाधामुक्त टोल की शुरुआत :- नितिन गडकरी।

नई दिल्ली – राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहन चालकों को जल्द टोल प्लाजा पर रुककर भुगतान नहीं करना पड़ेगा।सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को कहा कि सरकार मार्च से देश में बैरियर-फ्री टोल व्यवस्था शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए फास्टैग को गाड़ियों की नंबर प्लेट पहचानने वाली तकनीक के साथ जोड़ने पर काम किया जा रहा है।

‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026’ में गडकरी ने कहा कि प्रस्तावित प्रणाली में फास्टैग और नंबर प्लेट, दोनों के जरिए वाहन की पहचान की जाएगी और टोल शुल्क वसूला जाएगा।इससे टोल प्लाजा पर रुकने की जरूरत खत्म होने की उम्मीद है।नई व्यवस्था से टोल संग्रह में सालाना करीब 10,000 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो सकती है।

घट गया इंतजार।

गडकरी के मुताबिक,फास्टैग लागू होने से टोल प्लाजा पर वाहनों के इंतजार का समय 80 से 90 प्रतिशत तक कम हो चुका है। पहले कई जगह वाहन चालकों को 12 मिनट और कुछ मामलों में 30 मिनट तक इंतजार करना पड़ता था।सरकार अब तकनीक के जरिए बाकी बचा इंतजार भी खत्म करने की तैयारी में है।

बैंक बदलना भी आसान होगा।

इस मौके पर गडकरी ने ‘वनटैग’ सुविधा भी शुरू की।इसके तहत उपयोगकर्ता बिना नया टैग खरीदे और बिना पुराना टैग वाहन से हटाए अपना बैंक बदल सकेंगे। इससे वाहन मालिकों को अतिरिक्त टैग लेने की जरूरत खत्म होने की उम्मीद है।