(11.9.2026)
छत्तीसगढ़ के ‘देव स्टूडियो डीजे’ की धुनों पर झूमे हजारों युवा, बीकेडी चौराहे पर विधायक रवि शर्मा ने किया श्रद्धालुओं का स्वागत

झांसी। गणेश उत्सव के उल्लास और भक्ति के बीच पुराने शहर के मानिक चौक बाजार में शुक्रवार को ‘मानिक चौक के राजा’ की पहली भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भगवान गणेश की प्रतिमा को भव्य पंडाल तक ले जाने के लिए आयोजित शोभायात्रा में करीब तीन हजार युवाओं समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों, डीजे और गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा शहर गणेशमय नजर आया।
शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण छत्तीसगढ़ से आया मशहूर ‘देव स्टूडियो डीजे’ रहा। डीजे की धुनों और भक्ति गीतों पर युवा श्रद्धालु जमकर झूमते नजर आए। आयोजन को लेकर युवाओं में पहले से ही खासा उत्साह था। सोशल मीडिया पर भी शोभायात्रा का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया था।

देर शाम ग्वालियर रोड स्थित सिद्धेश्वर मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा बीकेडी चौराहा, आंतियाताल, आशिक चौराहा, खांडेराव गेट, पंचकुइयां, कोतवाली और सिंधी तिराहा होते हुए देर रात मानिक चौक पहुंची। रास्तेभर श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया और गणपति बप्पा के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।बीकेडी चौराहे पर मानिक चौक के राजा के भव्य आगमन के अवसर पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। युवा भक्तों का उत्साह, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखते ही बन रहा था। इस दौरान झांसी विधायक रवि शर्मा जी भी मौजूद रहे और उन्होंने श्रद्धालुओं एवं भक्तों का जोरदार स्वागत किया। विधायक की मौजूदगी से आयोजन में उत्साह और बढ़ गया।


मानिक चौक पहुंचने के बाद भगवान गणेश की प्रतिमा को भव्य पंडाल में विराजमान कराया गया। विधि-विधान, मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच प्रतिमा की स्थापना की गई। प्रतिमा के विराजमान होते ही श्रद्धालुओं ने ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया।हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं और युवाओं की मौजूदगी तथा डीजे काफिले के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। वाहनों का दबाव बढ़ने से आवागमन में परेशानी भी हुई, लेकिन गणेश भक्तों का उत्साह देर रात तक बरकरार रहा।

(आशिफ खान, संवाददाता सक्सेस मीडिया राष्ट्रीय हिन्दी दैनिक समाचार पत्र एवं डिजिटल मीडिया)
