मेडिकल कॉलेज में विधायक रवि शर्मा का औचक निरीक्षण,

(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

मरीजों से सीधे संवाद कर जाना उपचार का हाल, सुपर स्पेशलिटी सेवाओं और व्यवस्थाओं की ली जानकारी

झाँसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को उस समय हलचल बढ़ गई, जब नगर विधायक रवि शर्मा ने ओपीडी संचालन के दौरान अचानक मेडिकल कॉलेज पहुंचकर विभिन्न चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विधायक ने अस्पताल के अलग-अलग वार्डों का निरीक्षण करते हुए भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद किया तथा उपचार, दवाओं, जांच, भोजन, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानी।निरीक्षण के दौरान विधायक रवि शर्मा ने वार्डों में पहुंचकर मरीजों से पूछा कि उन्हें चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की ओर से समय पर उपचार मिल रहा है या नहीं। उन्होंने मरीजों एवं उनके तीमारदारों से अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए उनकी समस्याएं भी सुनीं। विधायक ने मरीजों के स्वास्थ्य का हाल जानने के साथ उनके सुख-दुःख में सहभागी बनते हुए भरोसा दिलाया कि चिकित्सा सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।विधायक ने मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। विशेष रूप से सुपर स्पेशलिटी सेवाओं की वर्तमान स्थिति, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता तथा भविष्य में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार को लेकर उन्होंने विस्तृत चर्चा की।इस दौरान विधायक ने मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सुधीर कुमार, सीएमएस डॉ. सचिन माहौर, पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. नरेन्द्र सेंगर सहित जूनियर डॉक्टरों एवं अन्य चिकित्सकीय अधिकारियों से विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली। उन्होंने मरीजों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर बेड, चिकित्सकों, आवश्यक संसाधनों, जांच सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की स्थिति की समीक्षा की।विधायक रवि शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि मेडिकल कॉलेज बुन्देलखण्ड के झाँसी समेत आसपास के जनपदों के लाखों लोगों के लिए प्रमुख चिकित्सा केंद्र है। ऐसे में यहां आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार के साथ सम्मानजनक व्यवहार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने मरीजों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा चिकित्सा व्यवस्थाओं में लगातार सुधार के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। चिकित्सा सेवाओं को और प्रभावी बनाने तथा मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय किया जाएगा।

➡️ मरीजों से रूबरू हुए विधायक रवि शर्मा, उपचार का जाना हाल; सुपर स्पेशलिटी सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं की ली जानकारी

(सक्सेस मीडिया)