(आशिफ खान संवाददाता झांसी)
सभासद निधि नीरज वर्मा ने दी शुभकामनाएं, जनहित और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की जताई उम्मीद,

झांसी। झांसी नगर निगम कार्यकारिणी निर्वाचन के बाद नवनिर्वाचित छह कार्यकारिणी सदस्यों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की सभासद निधि नीरज वर्मा ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्यकारिणी के सभी सदस्य अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए झांसी नगर के विकास को नई दिशा और गति प्रदान करेंगे।

नगर निगम कार्यकारिणी के लिए नवनिर्वाचित सदस्यों में श्री सुनील नैनवानी, श्री रामजी यादव, श्रीमती राजकुमारी वर्मा, श्रीमती राखी परिहार, श्रीमती नीता यादव एवं श्री महेश गौतम शामिल हैं। निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सभी सदस्यों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
इस मौके पर सभासद निधि नीरज वर्मा ने कहा कि नगर निगम कार्यकारिणी शहर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों में अहम भूमिका निभाती है। ऐसे में कार्यकारिणी के नवनिर्वाचित सदस्यों के सामने शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने, जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान कराने तथा विकास योजनाओं को धरातल पर गति देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि झांसी शहर के चहुंमुखी विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, जलभराव सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़े विषयों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य किए जाने की जरूरत है। साथ ही शहर के सभी क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य पहुंचाना भी जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।सभासद निधि नीरज वर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि नवनिर्वाचित सभी सदस्य दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे और झांसी को स्वच्छ, सुंदर, विकसित एवं सुविधायुक्त नगर बनाने की दिशा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।उन्होंने सभी नवनिर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों को पुनः शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास, सकारात्मक सोच और जनभागीदारी के माध्यम से झांसी के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

