स्टेशन के बाहर से बाइक चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, दो मोटरसाइकिल बरामद

(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

चेकिंग से बचने के लिए चोरी की बाइक पर लिखवाता था ‘POLICE’

झांसी। रेलवे स्टेशन क्षेत्र से दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक शातिर चोर को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी की पहचान सीपरी बाजार क्षेत्र के सुदामापुरी (नयागांव) निवासी अमन यादव पुत्र वासुदेव यादव के रूप में हुई है।जीआरपी सीओ सलीम खान ने बताया कि बीती 2 सितंबर को शिवानी नगर निवासी आकाश सिंह की मोटरसाइकिल रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर पार्किंग से चोरी हो गई थी। पीड़ित की तहरीर पर जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।जीआरपी थाना प्रभारी विवेक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार सुरागरसी में जुटी थी। बुधवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अमन यादव को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक अन्य चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।

चोरी की बाइक पर लिखवाता था POLICE’

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि बाइक चोरी करने के बाद वह उस पर ‘POLICE’ लिखवा देता था। उसे उम्मीद थी कि बाइक पर पुलिस लिखा होने के कारण चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी उस पर शक नहीं करेंगे और वह आसानी से चोरी की बाइक लेकर निकल जाएगा।

जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया। पुलिस अब बरामद दोनों मोटरसाइकिलों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।