कानपुर-झांसी हाईवे पर खड़े डंपर में घुसा ट्रक, एक की मौत, सात घायल

(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

मोंठ। कानपुर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम सेसा के पास बुधवार तड़के तेज रफ्तार ट्रक खड़े डंपर में पीछे से जा घुसा। भीषण टक्कर में ट्रक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। हादसे में ट्रक में लदी दो गाय और दो भैंसों की भी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार हादसा बुधवार सुबह करीब 4:52 बजे हुआ। कानपुर की ओर से झांसी जा रहा ट्रक ग्राम सेसा के पास हाईवे पर खड़े डंपर से पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक में सवार वीर सिंह पुत्र देवी सिंह निवासी मड़ैया, थाना करारिया, जिला विदिशा ट्रक के अंदर फंस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।सूचना मिलते ही थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची।

ट्रक में फंसे मृतक को बाहर निकालने के लिए काफी प्रयास किए गए। वहीं घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोंठ भेजा गया।

ये हुए घायल:हादसे में ट्रक चालक निर्दोष पुत्र छेदीलाल, निवासी मोतीनगर, थाना कोतवाली उन्नाव, जिला उन्नाव के अलावा वीरेंद्र पुत्र सरदार सिंह निवासी मड़ैया, थाना कसाची, जिला रायसेन, रंजीत सिंह पुत्र राजेंद्र निवासी बड़नपुरा, सौरभ मीना पुत्र तुलसीराम, दीवान जैन पुत्र उधम सिंह, वचन सिंह मीणा पुत्र उधम सिंह निवासी जिला विदिशा तथा अनिल पुत्र कल्लू निवासी निमातेपुर, थाना सर्देपुर, जिला उन्नाव घायल हुए हैं।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।