नाना ने नातिन को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा, गला दबाने के बाद सिर पर चकला से किए वार

(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

झाँसी। चिरगांव थाना क्षेत्र के छिरौना गांव में 76 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के मामले ने परिवार और ग्रामीणों को स्तब्ध कर दिया। पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग की 16 वर्षीय नातिन ने अपने 20 वर्षीय कथित प्रेमी के साथ मिलकर उनकी हत्या कर शव को घर के पीछे स्थित कुएं में फेंक दिया। परिजनों ने कुएं में शव मिलने के बाद घटना को हादसा मान लिया और अंतिम संस्कार भी कर दिया। करीब तीन दिन बाद घर में मिले खून से सने कपड़ों ने पूरे मामले की दिशा बदल दी।

परिजनों के मुताबिक, 12 सितंबर की दोपहर घर में बुजुर्ग रामदीन कुशवाहा और उनकी नातिन मौजूद थे। इसी दौरान पड़ोसी युवक विशाल कुशवाहा के घर आने की बात सामने आई। आरोप है कि रामदीन ने दोनों को कमरे में आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद विवाद हुआ और कथित तौर पर विशाल ने रामदीन का गला दबाया। आरोप है कि इसके बाद नातिन ने रोटी बनाने वाले चकला से उनके सिर पर वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई।

आरोप है कि घटना के बाद दोनों ने शव को घर के पीछे बने कुएं में फेंक दिया। शाम को रामदीन की पत्नी उर्मिला मजदूरी से घर लौटीं तो रामदीन घर पर नहीं मिले। रात तक उनके वापस नहीं आने पर परिजनों ने तलाश शुरू की।

कुएं में मिला शव, हादसा मानकर कर दिया अंतिम संस्कार

13 सितंबर की सुबह तलाश के दौरान परिजन कुएं के पास पहुंचे। कुएं के अंदर रामदीन का शव पड़ा मिला। सूचना पर ग्रामीण और ग्राम प्रधान भी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। रामदीन के माथे पर चोट के निशान भी बताए गए।

परिजनों का कहना है कि रामदीन शराब का सेवन करते थे। इसलिए उन्होंने आशंका जताई कि नशे की हालत में पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गए होंगे और चोट लगने से उनकी मौत हुई होगी। इसी को हादसा मानते हुए परिवार ने उनका अंतिम संस्कार कर दिया।

खून से सने कपड़ों ने बदल दी पूरी कहानी

मंगलवार को घर में शुद्धता की रस्म के दौरान महिलाएं साफ-सफाई कर रही थीं। इसी दौरान कमरे से नातिन के खून से सने कपड़े मिलने पर परिजनों को संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान मामला सामने आया कि बुजुर्ग की मौत महज हादसा नहीं थी।

परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने विशाल कुशवाहा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा हुआ, जिसके बाद नातिन को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।

पुलिस ने साक्ष्य किए बरामद

एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार के अनुसार, मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने घटना से संबंधित खून से सने कपड़े और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

पूरी वीडियो देखें…..