(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

झांसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जनपद न्यायाधीश (जिला जज) आवास के सामने सड़क किनारे पड़े एक लावारिस बैग से अचानक सफेद धुआं जैसा निकलता दिखाई दिया। संवेदनशील और वीआईपी क्षेत्र में संदिग्ध बैग से धुआं उठता देख राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों में किसी अनहोनी की आशंका पैदा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बैग को कब्जे में लेकर उसकी जांच कराई।
जानकारी के अनुसार, सीपरी बाजार से इलाइट चौराहे की ओर जाने वाले ओवरब्रिज के अंतिम छोर के पास जिला जज आवास के बाहर सड़क किनारे एक बैग लावारिस हालत में पड़ा था। कुछ लोगों की नजर जब बैग से लगातार सफेद वाष्प निकलने पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीपरी बाजार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और बैग की जांच कराई। जांच के दौरान बैग के भीतर एक छोटा नाइट्रोजन गैस सिलेंडर तथा बॉक्स में रखा पशु वीर्य (Animal Semen) बरामद हुआ। पुलिस की जांच में सामने आया कि नाइट्रोजन गैस के रिसाव के कारण ही बैग से धुआं जैसा सफेद वाष्प निकल रहा था।
विस्फोटक की आशंका से मची थी अफरा-तफरी
जिला जज आवास के सामने संदिग्ध स्थिति में पड़े बैग से धुआं निकलने की सूचना से लोगों के बीच कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। मौके की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने पूरी सतर्कता के साथ बैग की जांच कराई। जांच के बाद उसमें किसी प्रकार की विस्फोटक सामग्री या आपराधिक गतिविधि से संबंधित वस्तु नहीं मिली।
कृत्रिम गर्भाधान से जुड़े व्यक्ति का हो सकता है बैग
पुलिस के मुताबिक, बैग में मिले सामान को देखते हुए प्रथम दृष्टया आशंका है कि यह किसी ऐसे कर्मचारी या पशुपालक का हो सकता है, जो पशुओं के कृत्रिम गर्भाधान से संबंधित कार्य के लिए नाइट्रोजन सिलेंडर और पशु वीर्य लेकर जा रहा था। संभव है कि जल्दबाजी या किसी अन्य कारण से बैग सड़क किनारे छूट गया हो।
सीसीटीवी फुटेज से मालिक की तलाश
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध बैग की जांच कराई गई। जांच में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या साजिश की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे बैग यहां छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके। संबंधित व्यक्ति की पहचान होने के बाद बैग और उसमें मिले सामान को उसके सुपुर्द किया जाएगा।फिलहाल पुलिस की जांच के बाद इलाके में बनी दहशत दूर हो गई और लोगों ने राहत की सांस ली।
पूरी वीडियो देखें…….

