झांसी में बीए एलएलबी छात्र की संदिग्ध मौत, शरीर पर इंसानी दांतों के निशान से मचा हड़कंप; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

झांसी। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के नगरा हाट मैदान के पास बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के बीए एलएलबी अंतिम वर्ष के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने के बाद सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान मिलने के साथ ही दाहिनी जांघ के पीछे इंसानी दांतों से काटे जाने जैसे करीब छह निशान पाए जाने से मामला और गंभीर हो गया है। छात्र के परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए बेरहमी से पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

दोस्त से मिलने की बात कहकर घर से निकला था छात्र

मृतक की पहचान परवेज अली (21) पुत्र एहसान हैदरी, निवासी विजय नगर (नहर रोड), झांसी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक परवेज बीए एलएलबी अंतिम वर्ष का छात्र था। रविवार रात करीब 9:30 बजे वह रैपिडो बाइक बुक कर घर से यह कहकर निकला था कि वह अपने एक दोस्त से मिलने जा रहा है और करीब एक घंटे में वापस लौट आएगा।काफी देर तक घर वापस नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने परवेज के मोबाइल पर कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद परिवार के लोग उसकी तलाश को लेकर परेशान हो गए।

रात में पुलिस ने दी मेडिकल कॉलेज पहुंचने की सूचना

परिजनों के अनुसार, देर रात करीब 12 बजे पुलिस की ओर से उन्हें फोन कर बताया गया कि परवेज की तबीयत खराब है और उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। सूचना मिलने के बाद परिजन तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने परवेज को मृत अवस्था में पाया।शुरुआत में मामला सड़क हादसे या गिरने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा था। हालांकि, सोमवार दोपहर पंचनामा की कार्रवाई के दौरान शव की स्थिति और शरीर पर मिले चोटों के निशानों ने परिजनों के संदेह को बढ़ा दिया।

जांघ पर मिले इंसानी दांतों से काटने के करीब छह निशान

सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे पुलिस मोर्चरी में पंचनामा की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान मृतक के दाहिने पैर की जांघ के पीछे इंसानी दांतों से काटे जाने जैसे करीब छह निशान दिखाई दिए। इसके अलावा सिर पर भी गंभीर चोट के निशान पाए गए।मृतक के बड़े भाई दानिश अली और मामा वसीम ने आरोप लगाया कि परवेज की हत्या की गई है। उनका कहना है कि जिस स्थान पर काटने के निशान मिले हैं, वहां व्यक्ति स्वयं इस तरह काट नहीं सकता। परिजनों ने पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि परवेज रात में किन परिस्थितियों में नगरा हाट मैदान के पास पहुंचा और उसके साथ उस समय कौन-कौन लोग मौजूद थे।पुलिस के सामने एक अहम सवाल यह भी है कि परवेज जिस दोस्त से मिलने की बात कहकर घर से निकला था, वह दोस्त कौन था और रात में दोनों की मुलाकात हुई थी या नहीं। पुलिस उस दोस्त की भी तलाश कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

एसपी सिटी प्रीति सिंह के अनुसार, प्रारंभिक सूचना में बताया गया है कि परवेज रात में लड़खड़ाकर गिर गया था। इसके बाद पुलिस उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।हालांकि, सिर और पैर पर मिले निशानों को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। जांच में यदि हत्या या किसी अन्य आपराधिक घटना के साक्ष्य सामने आते हैं तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल छात्र की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि परवेज की मौत हादसे में हुई या उसके साथ कोई आपराधिक घटना हुई थी।

पूरी वीडियो देखें…….