झांसी के वार्ड 50 में अमृत योजना की अधूरी पाइपलाइन बनी मुसीबत, पूर्व पार्षद ने जल निगम को दी आंदोलन की चेतावनी

(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

झांसी। नगर निगम के वार्ड संख्या 50 डड़ियापुरा प्रथम और बड़ागांव गेट बाहर में अमृत योजना-02 के तहत चल रहा पाइपलाइन बिछाने का काम स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। कई मोहल्लों में पाइपलाइन का काम अधूरा पड़ा है, जबकि कुछ स्थानों पर सड़क की खुदाई के बाद उसे दोबारा दुरुस्त नहीं किया गया है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए वार्ड के पूर्व पार्षद एवं अधिवक्ता किशोरी प्रसाद रायकवार ने जल निगम के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर लंबित कार्य तत्काल पूरा कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अमृत योजना-02 के लिए सरकार की ओर से जनहित में बड़ी धनराशि उपलब्ध कराई गई है, लेकिन कार्य की धीमी गति के कारण इसका लाभ लोगों तक पूरी तरह नहीं पहुंच पा रहा है।

कई मोहल्लों में पाइपलाइन का काम लंबितपूर्व

पार्षद के अनुसार बड़ागांव गेट बाहर भूतनाथ मंदिर मार्ग, लहरिया जी की गली, द्वारका कॉलोनी के सामने वाली गली, तीसरी गली, मास्टर कॉलोनी, वर्मा कॉलोनी, अन्नपूर्णा कॉलोनी, राव कॉलोनी, शिव कॉलोनी, ज्योतिबाई फुले नगर, निषाद नगर, अंजनी नगर, आश्रम वाली गली, सत्यम कॉलोनी, श्मशान के पीछे की गलियां, हरिशेख पत्रकार वाली गली और तलैया मोहल्ले सहित कई इलाकों में पाइपलाइन का कार्य अधूरा अथवा लंबित है।

खारे पानी के सहारे निषाद नगर के लोग

निषाद नगर में पेयजल समस्या को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। पूर्व पार्षद का कहना है कि क्षेत्र में ट्यूबवेल स्थापित होने के बावजूद लोगों को सुचारू पेयजल आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। ऐसे में स्थानीय लोग हैंडपंप के खारे पानी पर निर्भर रहने को मजबूर हैं।

उन्होंने जल निगम से सभी छूटे हुए क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर पाइपलाइन का काम जल्द पूरा कराने, खुदी हुई सड़कों की मरम्मत कराने और प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो विभागीय कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। मामले की प्रतिलिपि सांसद अनुराग शर्मा और सदर विधायक रवि शर्मा को भी भेजी गई है।