(आशिफ खान संवाददाता झांसी)
ओडिशा से ग्वालियर ले जाई जा रही थी एक करोड़ सात लाख रुपये की खेप, दो तस्कर गिरफ्तार

झांसी। बबीना थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 214 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 1.07 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने ट्रक चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएसपी विकास कुमार के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा के भुवनेश्वर से ट्रक में गांजे की बड़ी खेप लादकर ग्वालियर ले जाई जा रही है। सूचना पर ANTF थाना प्रभारी चंदन पांडेय और बबीना पुलिस ने बबीना टोल प्लाजा के पास चेकिंग शुरू की। पुलिस की घेराबंदी देखकर आरोपी ट्रक को हाईवे से मोड़कर नयाखेड़ा गांव के सुनसान रास्ते पर ले गए और छिपाकर खड़ा कर दिया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में सतपाल उर्फ सत्यपाल (46), निवासी पानीपत, हरियाणा, ट्रक चालक और मोहन कुशवाहा (27), निवासी ग्वालियर, मध्य प्रदेश शामिल हैं।

पूछताछ में मोहन ने पुलिस को बताया कि उसका पड़ोसी आकाश कुशवाहा गांजा तस्करी का नेटवर्क संचालित करता है। उसी के जरिए भुवनेश्वर से गांजा ट्रक में लोड कराया गया था। डिलीवरी पूरी होने पर चालक को एक लाख रुपये और मोहन को 30 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी। पुलिस के मुताबिक गिरोह चेन सिस्टम के जरिए अंतरराज्यीय स्तर पर तस्करी करता है। मुख्य आरोपी आकाश कुशवाहा की तलाश जारी है।



