(आशिफ खान संवाददाता झांसी)
सांसद अनुराग शर्मा ने रेल यात्रियों से लेकर कुली बंधुओं तक के मुद्दे उठाए, स्टेशनों के विकास और लंबित निर्माण कार्यों में तेजी पर दिया जोर

झांसी। बुंदेलखंड में रेल सुविधाओं के विस्तार, नई ट्रेनों के संचालन, प्रमुख स्टेशनों के पुनर्विकास तथा यात्रियों की सुविधाओं को लेकर शुक्रवार को झांसी मंडल के सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। ओरछा पैलेस एवं कन्वेंशन सेंटर में हुई बैठक की अध्यक्षता झांसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा ने की। बैठक में उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह सहित झांसी मंडल एवं रेलवे मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में सांसद अनुराग शर्मा ने बुंदेलखंड की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे। उन्होंने लखनऊ–झांसी इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन ललितपुर से शुरू करने, भोपाल से लखनऊ तक स्लीपर वंदे भारत चलाने तथा बुंदेलखंड के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों को जोड़ने के लिए बुंदेलखंड सर्किट ट्रेन शुरू करने की मांग रखी। इसके अलावा काशी से झांसी के बीच नई वंदे भारत ट्रेन चलाने तथा बीडा को नई रेल लाइन से जोड़ने का सुझाव भी दिया।सांसद ने झांसी-ललितपुर में वाशिंग पिट का निर्माण जल्द शुरू कराने, ललितपुर स्टेशन के विकास कार्य को शीघ्र पूरा करने तथा निर्माणाधीन स्टेशनों के कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने बरुआसागर स्टेशन पर बुंदेलखंड एक्सप्रेस के ठहराव तथा फाटक संख्या 367, 369 और 341 से जुड़े कार्यों को जल्द पूरा कराने का सुझाव भी दिया।कुली बंधुओं को आयुष्मान योजना से जोड़ने का सुझावबैठक में सांसद अनुराग शर्मा ने रेलवे के कुली बंधुओं के कल्याण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कुली प्रतिदिन यात्रियों की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उन्हें और उनके परिवारों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिलाने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।सांसदों ने भी रखीं क्षेत्रीय मांगेंभिंड-दतिया सांसद संध्या राय ने बसई स्टेशन पर उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव तथा भिंड को राष्ट्रीय राजधानी से जोड़ने के लिए नई रेल सेवा शुरू करने का सुझाव दिया। उरई-जालौन सांसद नारायण दास अहिरवार ने उरई से नई दिल्ली के लिए ट्रेन तथा कोंच से कानपुर के लिए सीधी रेल सेवा की मांग रखी।मुरैना सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने गोवा एक्सप्रेस और गतिमान एक्सप्रेस का मुरैना स्टेशन पर ठहराव तथा ग्वालियर-श्योपुर कला आमान परिवर्तन का कार्य शीघ्र पूरा कर ट्रेन संचालन शुरू करने का सुझाव दिया। बांदा सांसद कृष्णा देवी शिवशंकर पटेल ने अतर्रा स्टेशन के विकास तथा चित्रकूट धाम कर्वी से रामेश्वरम के लिए नई ट्रेन चलाने की मांग रखी।राज्यसभा सांसद महेश केवट ने ओरछा स्टेशन पर गतिमान एक्सप्रेस और ताज एक्सप्रेस के ठहराव का सुझाव दिया। टीकमगढ़, खजुराहो, ग्वालियर, महोबा और सागर समेत अन्य क्षेत्रों के सांसदों एवं प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित रेल सुविधाओं के विस्तार और नई रेल सेवाओं को लेकर सुझाव दिए।मंडल की उपलब्धियां भी बताईंबैठक में महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह ने झांसी मंडल की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में मंडल में करीब 4.58 करोड़ आरंभिक यात्रियों से यात्री आय के रूप में लगभग 1016 करोड़ रुपये तथा माल लदान से करीब 947.15 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई।जनता की मांग को ध्यान में रखते हुए 2025-26 से अब तक मंडल के 10 स्टेशनों पर 14 जोड़ी ट्रेनों को 14 नए ठहराव दिए गए। मेला, गर्मी, त्योहार और परीक्षा विशेष ट्रेनों सहित कुल 648 विशेष ट्रिप संचालित किए गए। वंदे भारत सहित दो जोड़ी नई ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया, जबकि चार जोड़ी मेमू ट्रेनों को 8 से बढ़ाकर 12 कोच किया गया।झांसी मंडल के वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन, ग्वालियर जंक्शन और खजुराहो स्टेशनों को स्टेशन रीडेवलपमेंट योजना के तहत विकसित किया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत शामिल 16 स्टेशनों में से छह स्टेशनों का कार्य पूर्ण हो चुका है।रेलवे के आधारभूत ढांचे की जानकारी देते हुए बताया गया कि मंडल में 93 किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाई गई है। 20 ब्लॉक सेक्शनों में 157.67 किलोमीटर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग आधारित ऑटोमेटिक सिग्नलिंग प्रणाली शुरू की गई है, जबकि 68.5 किलोमीटर में कवच प्रणाली का सफल कमीशनिंग किया गया है।रेल प्रशासन ने सांसदों द्वारा रखे गए सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में मंडल रेल प्रबंधक झांसी अनिरुद्ध कुमार, उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के प्रधान विभागाध्यक्ष, मंडल के शाखाधिकारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संचालन उप महाप्रबंधक/सामान्य अतुल मिश्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने किया।



