झांसी–ग्वालियर फ्लाईओवर पर निर्माण कार्य के चलते 24 घंटे यातायात डायवर्ट,

(आशिफ खान संवाददाता झांसी)

11 सितंबर सुबह 10 बजे से 12 सितंबर तक लागू रहेगी व्यवस्था, अंसल तिराहा से बीकेडी की ओर जाने वाला ओवरब्रिज मार्ग रहेगा बंद

झांसी। झांसी–ग्वालियर मार्ग पर स्थित फ्लाईओवर पर उत्तर मध्य रेलवे द्वारा अति आवश्यक निर्माण कार्य कराए जाने के चलते यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। निर्माण कार्य के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना अथवा यातायात अवरोध की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से करीब 24 घंटे का यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। इस दौरान वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से आवागमन करना होगा।जारी यातायात व्यवस्था के मुताबिक 11 सितंबर 2026 को प्रातः 10 बजे से 12 सितंबर 2026 तक अंसल तिराहा से बीकेडी की ओर जाने वाला ओवरब्रिज मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। निर्माण कार्य पूरा होने तक इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस द्वारा मौके पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी, ताकि वाहन चालकों को परेशानी न हो और यातायात को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा सके।डायवर्जन व्यवस्था के तहत झांसी से ग्वालियर की ओर जाने वाले वाहनों को ओवरब्रिज का प्रयोग कर अपने गंतव्य की ओर जाने की अनुमति रहेगी। वहीं ग्वालियर की ओर से झांसी आने वाले वाहनों के लिए अंसल तिराहा से झांसी–ग्वालियर ओवरब्रिज के माध्यम से आगे बढ़ने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे बंद मार्ग की ओर जाने का प्रयास न करें और यातायात पुलिस द्वारा बताए गए वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें।निर्माण कार्य के चलते मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से प्रभावित मार्ग पर जाने से बचें। साथ ही वाहन चालक पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें और मार्ग पर तैनात यातायात पुलिस एवं अन्य सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान यातायात को सुरक्षित एवं सुचारू बनाए रखना प्राथमिकता है। आमजन से सहयोग की अपील करते हुए प्रशासन ने कहा है कि निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने से यातायात संचालन में किसी प्रकार की बड़ी परेशानी नहीं आएगी।