प्रतापगढ़। जिले के लिए गर्व की बात है कि अनवर हॉकी सोसाइटी, प्रतापगढ़ की चार प्रतिभाशाली बालिकाओं का चयन 16वीं सब-जूनियर नेशनल हॉकी चैंपियनशिप के लिए हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 1 अप्रैल से 12 अप्रैल 2026 तक रांची, झारखंड में आयोजित की जा रही है।
चयनित खिलाड़ियों में रिया गौड, वानिया सैफ, श्रेयांशी प्रजापति और निकहत परवीन शामिल हैं। विशेष बात यह है कि ये सभी खिलाड़ी अनवर हॉकी सोसाइटी में निशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं और अपनी मेहनत व लगन से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने में सफल हुई हैं।
सोसाइटी के अध्यक्ष एवं पूर्व अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी श्री अनवर खान ने सभी चयनित खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों, सचिव खुर्शीद अली तथा कोच मोहम्मद जसीम को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम और समर्पण का परिणाम है।
अनवर हॉकी सोसाइटी निरंतर क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। इस उपलब्धि से जिले में हर्ष का माहौल है और अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिल रही है।
